सरायकेला: सरायकेला- चाईबासा मुख्य मार्ग पर एक बार फिर सड़क हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. इस बार एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जानमाल की क्षति नहीं हुई. लेकिन यह घटना कोई अकेली नहीं है. सरायकेला और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएं अब चिंता का विषय बनती जा रही हैं. शहरी क्षेत्र में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे हादसों की आशंका और भी ज्यादा हो गई है.

इसी मुद्दे को लेकर भाजपा नेता सुमित चौधरी ने एक बार फिर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है. उन्होंने कहा कि सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के बाहर से बायपास सड़क का निर्माण अब बेहद जरूरी हो गया है.
उन्होंने उपायुक्त सरायकेला से आग्रह किया है कि इस दिशा में जल्द पहल करते हुए बायपास सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम हो सके. साथ ही उन्होंने मुख्य सड़कों की मरम्मत के लिए भी ठोस कदम उठाने की मांग की है. अब देखना यह होगा कि बार- बार उठ रही इस मांग पर प्रशासन कब तक कोई ठोस निर्णय लेता है, या फिर हादसे यूं ही चेतावनी देते रहेंगे.

