जमशेदपुर: कदमा में दिन के उजाले में हुई एक वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया. लोग समझ ही नहीं पाए कि आखिर इतनी बड़ी चोरी इतनी आसानी से कैसे हो गई. कदमा थाना क्षेत्र के कालिंदी रोड स्थित हाउस नंबर 15 को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. यह घर लोकेश कुमार सिंह उर्फ “गब्बर” का बताया जा रहा है.

जानकारी के अनुसार चोर घर में घुसे और करीब 8 से 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए. चोरी गए सामान में कान की बाली, गले का नेकलेस, नाक का झुमका समेत कई कीमती गहने शामिल हैं. इसके अलावा घर में रखे करीब 25 हजार रुपये नगद भी चोर ले उड़े. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरी घटना दिनदहाड़े हुई. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
स्थानीय लोगों में दहशत के साथ- साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके. पुलिस ने जल्द खुलासा करने का भरोसा दिया है. लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ एक चोरी है, या फिर इसके पीछे कोई अंदरूनी जानकारी भी काम कर रही थी.

