सरायकेला/ Pramod Singh मारवाड़ी युवा मंच के सत्र 2026- 27 के लिए नए नेतृत्व का चयन किया गया, जिसमें आशुतोष चौधरी को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया. उनके चयन से संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ है. सर्वसम्मति से हुआ यह चयन मंच की एकजुटता और आपसी विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है.

इस मौके पर निवर्तमान अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने आशुतोष चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने कार्यकाल को निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे.
उन्होंने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में मंच और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनेगा, जिससे समाज सेवा के कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी.
बताया जाता है कि आशुतोष चौधरी लंबे समय से सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं. उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए ही कार्यकर्ताओं ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है.
नए अध्यक्ष के रूप में उनकी प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना, युवाओं को जोड़ना और समाजहित के कार्यों का विस्तार करना होगा. कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं.

