जमशेदपुर: बहरागोड़ा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में टेंपो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना खण्डामौदा पेट्रोल पंप के सामने की है, जहां खण्डामौदा निवासी हाराधन पाईकिरा (35 वर्ष) सवारी लेकर गोपीबल्लापुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे के दौरान चालक सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर के ऊपर से वाहन का पहिया गुजर जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
टेंपो में सवार अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बहरागोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही बरसोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. पुलिस फरार ट्रक और चालक की तलाश में जुटी है. इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है.

