जमशेदपुर: उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित हरि मंदिर के पास विश्वनाथ ज्वेलर्स में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुई ज्वेलरी ठगी की घटना ने एक शातिर सीरियल अपराधी के नेटवर्क को सामने ला दिया है. गौरतलब है कि युवक ग्राहक बनकर पहुंचा और चालाकी से 23 से 24 लाख रुपए के गहने लेकर फरार हो गया.

हमारी पड़ताल में यह सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अलग- अलग राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा है. हमारी पड़ताल के अनुसार उसकी आपराधिक गतिविधियों का रिकॉर्ड इस प्रकार है
11/12/2025: गढ़वा के रमना में ज्वेलरी दुकान से करीब 5 लाख के गहनों की ठगी.
18/12/2025: मुंगेर स्थित विजय ज्वेलर्स से करीब 20 लाख के जेवरात पार.
17/01/2026: हावड़ा के शिबपुर इलाके में स्थित डायमंड ज्वेलर्स में करीब 20 लाख की ठगी.
21/02/2026: गढ़वा के नरेश बाबू सर्राफ में 18 से 20 लाख रुपए के गहनों की चोरी.
31/03/26: जमशेदपुर में विश्वनाथ ज्वेलर्स से करीब 24 लाख के गहने लेकर फरार.
सभी घटनाओं में आरोपी का एक ही तरीका सामने आया है. वह ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश करता है और मौका मिलते ही गहनों को लेकर फरार हो जाता है. उसकी यह हरकतें कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी हैं. लगातार अलग- अलग राज्यों में एक ही पैटर्न पर हो रही घटनाओं को देखते हुए झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल की पुलिस संयुक्त रूप से आरोपी की तलाश में जुट गई है. इस पूरे मामले ने ज्वेलरी कारोबारियों को सतर्क कर दिया है. पुलिस ने दुकानदारों को संदिग्ध ग्राहकों पर नजर रखने, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने और सुरक्षा के अतिरिक्त उपाय अपनाने की सलाह दी है.

