सरायकेला: जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में आदित्यपुर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने योजनाबद्ध तरीके से युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया था. गौरतलब है कि बीते 14 मार्च को ईचागढ़ के पातकुम पुलिया के नीचे करकरी नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ था. मृतक की पहचान सूरज यादव उर्फ गोलू यादव, निवासी सतबहिनी, आदित्यपुर के रूप में हुई थी. इस मामले में मृतक के पिता के आवेदन के आधार पर ईचागढ़ थाना कांड संख्या 11/2026 के तहत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों- सुमित कुमार, अभिषेक तंतुबाई उर्फ खेटु और पिंटू दिग्गी उर्फ जोगी को गिरफ्तार किया. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से सूरज यादव की हत्या की और शव को छिपाने के उद्देश्य से पुलिया के नीचे नदी में फेंक दिया. साथ ही मृतक का टेम्पु वाहन और मोबाइल फोन अपने पास रख लिया था.
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का टेम्पु वाहन (JH05EB 4830), मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है. इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है.

