बोकारो/ Shubham Mishra जिले के सेक्टर 4 थाना क्षेत्र में शनिवार को ईद की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब एक छह वर्षीय मासूम बच्चा डैम के गहरे पानी में डूब गया. घटना सेक्टर 4 थाना क्षेत्र स्थित कूलिंग पॉन्ड डैम की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मुजाहिद अली का छह वर्षीय पुत्र शुक्रवार शाम अपने परिवार के साथ डैम के पास घूमने गया था. इसी दौरान रील बनाने के दौरान बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया.
बच्चे को डूबता देख उसके पिता ने तुरंत पानी में छलांग लगा दी.

स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह पिता को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि बच्चे का अब तक कोई पता नहीं चल सका है. घटना के बाद रात लगभग 10 बजे तक स्थानीय स्तर पर खोजबीन जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली. शनिवार को ईद के दिन गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई है.
बताया जा रहा है कि मुजाहिद अली दिल्ली में काम करता है और ईद मनाने के लिए अपने घर बोकारो आया हुआ था. इस हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है. पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

