सरायकेला: समाहरणालय सभाकक्ष में आगामी ईद-उल-फितर, सरहुल, रामनवमी, चैत्र नवरात्र और चैती छठ को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने की, वही पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत भी मौजूद रहे.


बैठक में शांति समिति और अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न सुझाव दिए. सदस्यों ने नदी घाटों की साफ- सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता, सड़कों और नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा जुलूसों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की मांग रखी.
बैठक में जानकारी दी गई कि 18 मार्च को हिंदू नव वर्ष के अवसर पर जागृति मैदान से टायो कॉलोनी तक भव्य जुलूस निकाला जाएगा. वहीं 20 या 21 मार्च को ईद मनाई जाएगी.
इसके अलावा 24 मार्च को चैती छठ पर्व की संध्या अर्घ्य तथा 25 मार्च को प्रातःकालीन अर्घ्य दिया जाएगा. इस दौरान नदी घाटों की सफाई, गाजिया बैराज से स्वच्छ पानी छोड़ने और अस्थायी प्रकाश व्यवस्था की मांग की गई.
रामनवमी को लेकर 27 मार्च को महा रामनवमी तथा 28 मार्च को विसर्जन जुलूस निकाले जाने की जानकारी दी गई. केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति आदित्यपुर द्वारा एस टाइप फुटबॉल ग्राउंड में महावीर अखाड़ा के खेल प्रदर्शन का आयोजन भी किया जाएगा.
उपायुक्त ने आदित्यपुर नगर निगम प्रशासन को नगर क्षेत्र में साफ- सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही जुलूस मार्गों से अवैध पार्किंग और अन्य अवरोध हटाने को कहा.
वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी चौक-चौराहों और बाजारों में पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा जुलूस मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. उन्होंने सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर भी निगरानी रखने का निर्देश दिया. बैठक में अधिवक्ता ओम प्रकाश, जगदीश नारायण चौबे, रमन चौधरी, अरुण कुमार सिंह, भगवान सिंह, डी.एन. ओझा सहित विभिन्न अखाड़ा समितियों और जिला शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे.

