चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड में सोमवार रात आई तेज आंधी- पानी ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया. तेज हवा के कारण कई घरों के छप्पर उड़ गए और पेड़ गिरने से मकानों को क्षति पहुंची.


जानकारी के अनुसार गोलमुंडा गांव में एक ग्रामीण के घर का एस्बेस्टस छप्पर तेज आंधी में उड़ गया, जिससे उसे काफी नुकसान हुआ. वहीं शशिकेला और राजगांव में दो अलग- अलग घरों पर विशाल पेड़ गिर जाने से मकानों को नुकसान पहुंचा है.

आंधी- पानी के कारण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी पूरी तरह बाधित हो गई. पूरे सोनुआ प्रखंड में सोमवार रात से ही बिजली आपूर्ति ठप रही.
विद्युत विभाग के कर्मियों के अनुसार मंगलवार दोपहर तक गोईलकेरा- सोनुआ 33 हजार केवी मेन लाइन को दुरुस्त कर दिया गया. हालांकि कई फीडर लाइनों में तार टूटने और तकनीकी फॉल्ट के कारण बिजली बहाल करने का काम देर शाम तक जारी रहा.
बताया जा रहा है कि प्रखंड क्षेत्र में लगभग 20 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

