जामताड़ा/ Manish Baranwal प्रखंड के मोहड़ा गांव में जहरीले सांप के निकलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई. सांप दिखने के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

हालांकि ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए सांप को पकड़ लिया. पहले उसे एक बोरे में बंद किया गया और बाद में सुरक्षा के मद्देनजर एक ड्रम में रख दिया गया, ताकि किसी को नुकसान न पहुंचे.
गांव के निवासी नबीब अंसारी ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत वन विभाग के अधिकारियों को दी गई. इसके लिए कई बार फोन भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची. ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों की ओर से कहा गया कि एक सांप के लिए तुरंत आदमी नहीं भेजा जा सकता.
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार देर शाम करीब 7 बजे सांप निकलने की घटना हुई थी. मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तक यानी करीब साढ़े 16 घंटे बीत जाने के बाद भी वन विभाग की टीम सांप को रेस्क्यू करने नहीं पहुंची थी. खबर लिखे जाने तक जहरीला सांप ड्रम में ही बंद था और ग्रामीण वन विभाग की टीम के आने का इंतजार कर रहे थे.

