सरायकेला/ Pramod Singh जिले के सीनी ओपी क्षेत्र से लापता नाबालिग इस्माइल प्रधान को पुलिस ने टाटानगर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया. बच्चे के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली.

जानकारी के अनुसार सीनी ओपी क्षेत्र निवासी नाबालिग इस्माइल प्रधान सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे घर से बिना बताए साइकिल लेकर निकल गया था. बाद में उसकी साइकिल महाली मुरूप रेलवे स्टेशन के पास लावारिस हालत में मिली. इससे आशंका जताई गई कि वह वहां से ट्रेन पकड़कर कहीं चला गया है.
इसी बीच उसकी गुमशुदगी से संबंधित खबर और फोटो इंडिया न्यूज़ वायरल में प्रकाशित होने के बाद कुछ लोगों की नजर उसपर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर पड़ी. लोगों ने शक होने पर उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह सीनी क्षेत्र का रहने वाला है. इसके बाद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह दलबल के साथ जमशेदपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर देर रात सरायकेला ले आए. आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सकुशल उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया.
बताया जा रहा है कि घर में किसी बात को लेकर डांट- फटकार मिलने से नाराज होकर इस्माइल प्रधान घर से निकल गया था. हालांकि समय रहते पुलिस और लोगों की सतर्कता से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया. नाबालिग के सकुशल मिलने पर परिजनों ने खुशी जताते हुए पुलिस के साथ- साथ खबर प्रकाशित करने वाले मीडिया का भी आभार व्यक्त किया.

