सरायकेला/ Pramod Singh प्रखंड के सीनी स्थित वीएस पब्लिक स्कूल परिसर में भक्ति भाव के साथ शिव गुरु परिचर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान शिव को गुरु रूप में स्वीकार कर उनके बताए मार्ग को जीवन में अपनाने का संदेश देना था.

कार्यक्रम की शुरुआत गुरु वंदना के साथ हुई. इसके बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे गुरु भाई-बहनों ने भजन और प्रवचन के माध्यम से भगवान शिव के गुरु स्वरूप की महिमा का विस्तार से वर्णन किया, जिससे पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में डूब गया.
इस दौरान गुरु भाई मनसा ने कहा कि भगवान शिव जगतगुरु हैं, इसलिए संसार का प्रत्येक व्यक्ति उन्हें अपना गुरु बना सकता है. उन्होंने कहा कि शिव तत्व मानव को समानता, करुणा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है. साथ ही लोगों से द्वेष रहित होकर परोपकार की भावना से कार्य करने का संदेश दिया गया.
वक्ताओं ने बताया कि शिव का शिष्य बनने के लिए साहब हरिन्द्रानंद जी द्वारा बताए गए तीन सूत्र- दया मांगना, चर्चा करना और नमः शिवाय पंचाक्षरी महामंत्र का पालन करना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि यदि मनुष्य गुरु भाव से याचक बनकर दया और क्षमा की प्रार्थना करे तो उसका कल्याण संभव है. यदि संसार का प्रत्येक व्यक्ति भगवान शिव को गुरु मान ले तो पूरे जगत का कल्याण सुगमता से हो सकता है.
कार्यक्रम को सफल बनाने में विमल कुमार सिंहदेव, शैल कुमारी, मनसा प्रधान, आईडी यादव, नगीना पंडित, गणेश राम, बिंदेश्वर राउत, धर्मशीला देवी, सुषमा सिंहदेव, तुला देवी, पद्मावती देवी, गणेश, ममता महतो, भुवनेश्वरी तांती, ज्योति और कल्पना महतो समेत कई लोगों का सराहनीय योगदान रहा.

