चाईबासा/ Joytish Mahali पश्चिम सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकीय बुनियादी विद्यालय, जराईकेला में सुरक्षा बलों द्वारा जनकल्याण और ग्रामीणों के साथ विश्वास निर्माण के उद्देश्य से सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम मकरंडा गांव के टोला परोडीह क्षेत्र में एफ/134 बटालियन के कमांडेंट त्रिलोक नाथ सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ.

कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुंदन कुमार सिंह ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और जरूरतमंद लोगों के बीच निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया. इस दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न बीमारियों से बचाव के बारे में भी जानकारी दी गई. इसके साथ ही विद्यालय के बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया गया और उन्हें पढ़ाई के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया गया. जवानों और अधिकारियों ने बच्चों को समझाया कि बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण साधन है.

इस अवसर पर डॉक्टर के.के. सिंह, बी.बी. भक्ता, इंस्पेक्टर सतेंद्र, विद्यालय के शिक्षक चंद्रो महतो, ग्राम मुंडा ममता भूमिज, सुफल बेक, अनीता बेक सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे.
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम जनकल्याण के साथ- साथ ग्रामीणों और सुरक्षा बलों के बीच आपसी विश्वास को भी मजबूत करते हैं.

