सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत के नव निर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने एक बार फिर अपनी संवेदनशील कार्यशैली का परिचय देते हुए देहुरीडीह निवासी हृदय रोग से पीड़ित अभिमन्यु नायक की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही वे सोमवार सुबह करीब 7 बजे साधारण वेशभूषा में ही गांव पहुंच गए.

मौके पर उन्होंने सदर अस्पताल के उपाधीक्षक नकुल चौधरी से फोन पर बात कर मरीज के बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में समन्वय स्थापित कराया. इसके बाद उन्होंने स्वयं एंबुलेंस की व्यवस्था कर अभिमन्यु नायक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा और परिजनों को आर्थिक सहायता भी दी.
गांव में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने नशा से दूर रहने की अपील की और बाल श्रम के खिलाफ भी कड़ा संदेश दिया. उन्होंने कहा कि बच्चों को लालच देकर रात में तालाब से कमल और अन्य फूल तुड़वाना गलत है. बच्चों को स्कूल भेजना और उनकी पढ़ाई पर ध्यान देना जरूरी है. इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि बैसाखी नामक महिला की मृत्यु के बाद उसके तीन बच्चे अनाथ हो गए हैं. इस पर उन्होंने तुरंत बाल संरक्षण पदाधिकारी संतोष ठाकुर को मौके पर बुलाया और बच्चों को सरकारी योजना से जोड़कर लाभ दिलाने का निर्देश दिया. मनोज चौधरी की इस मानवीय पहल से गांव के लोग काफी प्रभावित नजर आए और उनकी सराहना की.

