सरायकेला: नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने होली के अवसर पर वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों के साथ त्योहार मनाया. वे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ आश्रम पहुंचे और बुजुर्गों को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं. उनके आगमन से वृद्धजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे.

मनोज चौधरी को अपने बीच पाकर बुजुर्ग भावुक दिखे. उन्होंने उन्हें आशीर्वाद दिया और जीत की बधाई दी. वृद्धजनों ने कामना की कि वे आगे बढ़ते रहें और समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाएं.
इस दौरान मनोज चौधरी ने मिठाई, शीतल पेय और बिस्कुट वितरित किए. उन्होंने बुजुर्गों के साथ बैठकर बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना.

अध्यक्ष ने कहा कि वृद्धजनों की सेवा करना उनका कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज के स्तंभ हैं और उनका सम्मान हर हाल में होना चाहिए. इस अवसर पर उनके साथ परिवार के सदस्य और अन्य समाजसेवी भी मौजूद थे.

