चाईबासा/ Jyotish Mahali पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत जराईकेला थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित ग्राम तिरिलपोसी में 134वीं बटालियन द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व बटालियन के कमांडेंट त्रिलोक नाथ सिंह ने किया.

कार्यक्रम की शुरुआत 10 फरवरी 2026 को आईईडी विस्फोट में शहीद हुए जय सिंह चेरोवा और सेलाय चेरोवा को श्रद्धांजलि देकर की गई. शहीदों के परिजनों को 5000 रुपये की आर्थिक सहायता और घरेलू उपयोग की सामग्री प्रदान की गई.
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुंदन कुमार सिंह ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की और निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया. जांच के दौरान कई लोग मलेरिया से पीड़ित पाए गए, जिन्हें तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया.

कार्यक्रम में स्कूल बैग, खेल सामग्री, तिरपाल, कंबल, छाते, साड़ियां, सेनेटरी पैड, बर्तन, कृषि उपकरण और मच्छरदानी सहित दैनिक उपयोग की सामग्री का वितरण किया गया.
कमांडेंट ने ग्रामीणों से शांति, सुरक्षा और विकास के लिए सहयोग की अपील की तथा भटके युवाओं से आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाने का आह्वान किया.
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने पारंपरिक झूमर नृत्य प्रस्तुत कर सुरक्षा बलों के प्रति आभार व्यक्त किया.

