चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना परिसर में होली एवं रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता सर्किल इंस्पेक्टर महानंद सुरीन एवं थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा ने संयुक्त रूप से की.

बैठक में दोनों पर्वों को सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई. थाना प्रभारी ने विशेष रूप से रमजान के दौरान मस्जिदों के सामने किसी भी प्रकार का हुड़दंग या अशांति नहीं फैलाने की चेतावनी दी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि होली और रमजान के दौरान असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा ने लोगों से डायन प्रथा, अंधविश्वास, बाल विवाह और नशा सेवन जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि डायन प्रथा के नाम पर प्रताड़ना या बाल विवाह जैसी घटनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
बैठक में क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की गई और आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया.
इस अवसर पर बीस सूत्री जिला उपाध्यक्ष दीपक प्रधान, जिला परिषद सदस्य जगदीश नायक, मुखिया नूर हांसदा, जोसेफ मुर्मू, शेख शौकत, सुलेमान हक, अंचल निरीक्षक रंजन कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

