सरायकेला/ Pramod Singh

सिनी स्थित सृजन स्टील एंड पावर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की प्रस्तावित विस्तार परियोजना को लेकर शनिवार को कंपनी परिसर में जनसुनवाई आयोजित की गई. जनसुनवाई शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई.
कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश तथा झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय पदाधिकारी जितेंद्र प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से की. इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कंपनी प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने परियोजना के पर्यावरणीय प्रभाव, प्रदूषण नियंत्रण उपाय, स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता, सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक दायित्वों को लेकर कई सवाल उठाए. ग्रामीणों ने क्षेत्र में वायु और जल प्रदूषण की आशंका पर भी अपनी चिंताएं व्यक्त की.
कंपनी प्रबंधन की ओर से सभी सवालों का क्रमवार जवाब दिया गया. अधिकारियों ने विस्तार परियोजना की तकनीकी जानकारी, पर्यावरण सुरक्षा उपायों और स्थानीय विकास योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की. प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि सभी नियमों और मानकों का पालन करते हुए परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा.
जवाबों के बाद अधिकांश ग्रामीण संतुष्ट नजर आए. प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य स्थानीय लोगों की राय, सुझाव और आपत्तियों को दर्ज करना है, ताकि विकास कार्य पारदर्शिता और जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ सके.

