चांडिल/ Bikash Thakur अनुमंडल क्षेत्र के चौका थाना अंतर्गत एनएच- 33 पर नौतनडीह (झाबरी) के समीप शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि टेंपो चालक, एक महिला और दो बच्चे घायल हो गए.

प्राप्त जानकारी के अनुसार रांची से टाटा की ओर तेज रफ्तार से जा रहे एक अज्ञात ट्रेलर ने रांगामाटी से सवारी लेकर चांडिल गोलचक्कर जा रहे एक इलेक्ट्रिक टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर टाटा- चौका की ओर फरार हो गया.
दुर्घटना में टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. टेंपो में सवार लगभग 45 से 50 वर्षीय एक व्यक्ति के सिर पर ट्रेलर का चक्का चढ़ जाने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं टेंपो चालक, एक महिला और दो बच्चों को हल्की चोटें आई हैं.
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा युवा नेता आकाश महतो एवं युवा नेता नयन सिंह मौके पर पहुंचे. इसके बाद चौका थाना के एएसआई भगवान गौड़, कंप्यूटर ऑपरेटर महादेव साहू, चौकीदार रंजीत तांती एवं सुधीर तांती घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया.
युवा नेता आकाश महतो और पुलिस प्रशासन के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए चावलीबासा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है.

