गम्हरिया: स्थित XITE कॉलेज के छात्र रौनक करन ने राज्य स्तरीय सातवीं नेशनल क्वान किदो चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कॉलेज का नाम रोशन किया है. इस उपलब्धि के लिए कॉलेज परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में प्राचार्य फादर फ्रांसिस ने रौनक करन को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया.

ज्ञात हो कि 18 जनवरी को जम्मू और कश्मीर के JKSC स्टेडियम में आयोजित सातवीं नेशनल क्वान किदो चैंपियनशिप में देश भर के विभिन्न राज्यों से आए एथलीटों ने हिस्सा लिया था. इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रौनक करन ने मेडल हासिल किया.
प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए XITE कॉलेज के रौनक करन टीम मैनेजर की भूमिका में भी रहे.
सम्मान समारोह के दौरान प्राचार्य फादर फ्रांसिस ने रौनक करन की मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना की तथा उन्हें भविष्य में और ऊँचे स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां न केवल छात्र के लिए बल्कि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय होती हैं.
रौनक करन की इस सफलता पर कॉलेज प्रशासन ने प्रसन्नता व्यक्त की. इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र- छात्राओं के साथ- साथ शिक्षक एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे और सभी ने रौनक करन को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

