सरायकेला/ Pramod Singh

सड़क सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को जिला परिवहन विभाग की ओर से स्कूली बच्चों के लिए मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया. मैराथन इंडोर स्टेडियम से बिरसा मुंडा स्टेडियम तक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र- छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
मौके पर उपायुक्त नितीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. दौड़ शुरू होते ही बच्चे तेज रफ्तार से आगे बढ़े. बच्चों के साथ पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी भी दौड़ में शामिल हुए. बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए डीसी और एसपी स्वयं भी उनके साथ दौड़ते नजर आए.

मैराथन के दौरान पुलिस विभाग की ओर से यातायात की विशेष व्यवस्था की गई थी. बड़े वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कराया गया था. छोटे और दोपहिया वाहनों के आवागमन पर अस्थायी रूप से रोक लगाई गई थी.
दौड़ के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हाथों में बैनर और तख्तियां लिए हुए चल रहे थे. तख्तियों पर सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता संदेश लिखे गए थे. लगभग तीन किलोमीटर की इस मैराथन के दौरान परिवहन विभाग की ओर से आम लोगों के बीच जागरूकता पर्चों का वितरण भी किया गया.
उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने जिलेवासियों से सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें. शराब पीकर वाहन न चलाएं. सुरक्षित ड्राइविंग को अपनाएं.
उन्होंने जानकारी दी कि सरकार की योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले नेक नागरिकों को पुरस्कार दिया जाता है. ऐसे नागरिकों को किसी भी प्रकार की गवाही या कोर्ट-कचहरी के लिए बाध्य नहीं किया जाता है.
मौके पर पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप उरांव, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, ट्रैफिक थाना प्रभारी राजू, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार, डॉ. चंदन कुमार, एमबीआई दिलीप कुमार, रवि प्रसाद, कुंदन वर्मा, आशुतोष कुमार सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.

