जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र में बुधवार रात सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो बस्तियों के बीच विवाद हो गया. एरोड्रम चौक के पास संबलपुरिया बस्ती और तरुण बाल संघ से जुड़े लोग आमने- सामने आ गए.

शुरुआत में डीजे की आवाज और गाने को लेकर कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला उग्र हो गया. आरोप- प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया. अचानक हुई पत्थरबाजी से इलाके में अफरा- तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे.
घटना में तीन लोग घायल हो गए. घायलों में जायंतो नामक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया. क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

