कांड्रा/ Bipin Varshney सरायकेला जिले के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सामुदायिक पुलिसिंग के तहत कांड्रा थाना पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश की है. सोमवार को कांड्रा थाना प्रभारी विनोद मुर्मू ग्राम रायमारा पहुंचे और बरसात पीड़ित घांसीराम सरदार एवं उनके परिवार को 05 कंबल प्रदान किए.

जानकारी के अनुसार बीते वर्ष हुई भारी बरसात में घांसीराम सरदार का कच्चा मकान पूरी तरह ढह गया था. इसके बाद से उनका परिवार अत्यंत दयनीय स्थिति में जीवन यापन कर रहा है. ठंड के इस मौसम में कांड्रा पुलिस द्वारा दिया गया यह सहयोग पीड़ित परिवार के लिए बड़ी राहत साबित हुआ. इस अवसर पर बुरूडीह पंचायत की मुखिया संगीता कुमारी भी मौजूद रहीं.

स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की इस संवेदनशील पहल की सराहना की. ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह की पहल से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और संबंध और मजबूत होते हैं.

