जमशेदपुर: प्रखंड अंतर्गत उत्तरी सरजमदा स्थित सरजमदा गुरुद्वारा के पास सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है. संबंधित भूमि का प्लॉट नंबर 1201 और 1205 तथा खाता नंबर 479 बताया जा रहा है. यह जमीन प्रजापति समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण हेतु विधायक मंगल कालिंदी की अनुशंसा पर जमशेदपुर अंचल द्वारा आवंटित की गई थी.

अंचल प्रशासन की ओर से उक्त भूमि पर सरकारी बोर्ड भी लगाया गया था. आरोप है कि भू- माफियाओं ने सरकारी बोर्ड को उखाड़कर फेंक दिया और जमीन पर अवैध रूप से पुलिया एवं सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया. मामले की जानकारी मिलने पर प्रजापति समाज के प्रतिनिधियों ने जमशेदपुर अंचल के अंचलाधिकारी को इसकी सूचना दी.

सूचना के बाद अंचलाधिकारी मनोज कुमार के निर्देश पर हल्का कर्मचारी और परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची. प्रशासन ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवाया और जेसीबी मशीन लगाकर पुलिया एवं सड़क निर्माण के लिए रखी गई ईंटों को हटाते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की.
प्रजापति समाज सरजमदा के अध्यक्ष कृष्णा पंडित ने कहा कि समाज के लिए आवंटित सरकारी जमीन पर कुछ लोग प्लॉटिंग कर बेचने की नीयत से सड़क और नाली निर्माण करा रहे थे. उन्होंने बताया कि सरकारी बोर्ड हटाने और जमीन पर अतिक्रमण करने के मामले में परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी.
वहीं दूसरे पक्ष से सुरेंद्र महतो ने आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की आवाजाही की सुविधा के लिए आपसी सहयोग से पुलिया और सड़क का निर्माण किया जा रहा था. उन्होंने स्पष्ट किया कि न तो सरकारी बोर्ड हटाया गया है और न ही किसी प्रकार का अवैध अतिक्रमण किया गया है. फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई के बाद निर्माण कार्य बंद करा दिया गया है. मामले की जांच जारी है और प्रशासन दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रहा है.

