सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़ी संचालित गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में राजस्व संग्रहण, निबंधन, भूमि सुधार, म्यूटेशन, सीमांकन एवं अन्य राजस्व मामलों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की गई.


उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों की वार्षिक और मासिक उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि जिले की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति अत्यंत आवश्यक है.
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ स्पष्ट, व्यावहारिक और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें.
राजस्व संग्रहण को लेकर उपायुक्त ने नियमित समीक्षा, सतत निगरानी, पारदर्शिता और जवाबदेही पर विशेष जोर दिया.
कर, शुल्क और लगान से संबंधित डिफॉल्टर मामलों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
अवैध खनन, अवैध परिवहन, अवैध शराब निर्माण व बिक्री, विद्युत चोरी, अनधिकृत कनेक्शन और बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन के विरुद्ध नियमित जांच और विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.
राजस्व एवं अंचल कार्यालयों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने ऑनलाइन म्यूटेशन, सीमांकन, परिशोधन और लगान से जुड़े सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, यह अंचलाधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
आय, जाति और आवासीय प्रमाणपत्र से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने का निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि कोई भी विद्यार्थी परीक्षा से वंचित न रहे और कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं से वंचित न हो.
इसके अलावा प्रमुख चौक- चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण से जुड़े लंबित मुआवजा भुगतान को शीघ्र निपटाने के निर्देश भी दिए गए.
सभी अंचलाधिकारियों को मूल खतियान का ऑनलाइन माध्यम से मिलान सुनिश्चित करने और संबंधित राजस्व कर्मियों की जवाबदेही तय करने का निर्देश दिया गया. अंत में उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप राजस्व संग्रहण और विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.

