शेखपुरा: जिले के फिरंगी बीघा गांव में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया. गुप्त सूचना के आधार पर की जा रही कार्रवाई के दौरान उपद्रवियों ने टीम पर जमकर पथराव किया और लाठी-डंडों से हमला किया. इस घटना में उत्पाद विभाग के दो होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. हमले में विभाग का वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायल होमगार्ड जवानों की पहचान अरुण कुमार और सोनू कुमार के रूप में की गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि फिरंगी बीघा गांव में अवैध रूप से शराब तस्करी का धंधा चल रहा है. सूचना के आधार पर विभागीय टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया था. कार्रवाई के दौरान टीम ने एक शराब तस्कर को शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया.
जब टीम गिरफ्तार तस्कर को लेकर वापस लौट रही थी, तभी ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और अचानक पथराव शुरू कर दिया. इस हमले में होमगार्ड के दो जवान घायल हो गए. इसी बीच ग्रामीणों ने बलपूर्वक पकड़े गए शराब तस्कर को छुड़ा लिया, जो अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए हैं. पूरे मामले की जांच की जा रही है. फरार तस्कर और हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

