जामताड़ा/ Manish Baranwal समाहरणालय सभागार में गुरुवार को वर्तमान जिला परिषद अध्यक्ष राधारानी सोरेन के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा एवं मतदान की प्रक्रिया संपन्न हुई.

इस पूरी कार्रवाई की अध्यक्षता पीठासीन पदाधिकारी सह उपायुक्त जामताड़ा रवि आनंद ने की.
अविश्वास प्रस्ताव की कार्यवाही के दौरान पीठासीन पदाधिकारी द्वारा उपस्थित सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा की गई. उन्होंने विभागीय संकल्प में वर्णित प्रावधानों की जानकारी देते हुए नियमानुसार पूरी प्रक्रिया से सदस्यों को अवगत कराया.
इसके पश्चात मतदान की प्रक्रिया कराई गई, जिसमें कुल 20 उपस्थित सदस्यों में से कुल 19 वैध मत पड़े.
मतदान में अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में कुल 18 मत पड़े, जबकि एक मत ब्लैंक रहा. पीठासीन पदाधिकारी रवि आनंद ने बताया कि पूरी मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में एवं वीडियोग्राफी के साथ संपन्न कराई गई.
मतदान परिणाम घोषित होते ही तत्काल प्रभाव से वर्तमान जिला परिषद अध्यक्ष राधारानी सोरेन को अध्यक्ष पद से विमुक्त कर दिया गया. उन्होंने बताया कि विभागीय नियमों के अनुसार शीघ्र ही नए जिला परिषद अध्यक्ष के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
उल्लेखनीय है कि कुल 23 सदस्यों को मतदान करना था, जिनमें एक जिला परिषद सदस्य की मृत्यु के कारण एक पद रिक्त था.
मतदान प्रक्रिया में दुमका सांसद नलिन सोरेन एवं जामताड़ा विधायक सह मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी भाग लिया.
मौके पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला परिषद सदस्य, प्रखंड प्रमुख सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

