जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से जन वितरण प्रणाली से जुड़े डीलरों के बीच 4G मशीनों के वितरण को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. यह कार्यक्रम 2 जनवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे दुलारी- दुलाडी नगर भवन में संपन्न होगा. कार्यक्रम के दौरान पीडीएस डीलरों को 4G मशीनों का वितरण किया जाएगा. इसी मंच से प्रशिक्षकों द्वारा मशीन संचालन से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि डीलर नई तकनीक का सुचारू रूप से उपयोग कर सकें.

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने आदेश जारी कर जिले के सभी उचित मूल्य दुकानदारों की कार्यक्रम में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. इस आदेश की प्रतिलिपि जिला फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन को भी भेजी गई है.
फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष मोहन प्रसाद और मीडिया प्रभारी देव कुमार साह ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि यह दिन जामताड़ा जिले के लिए ऐतिहासिक होगा. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी द्वारा किया जाएगा और लंबे समय से लंबित 4G मशीन वितरण की मांग इस अवसर पर पूरी होगी.
संगठन की ओर से यह भी बताया गया कि झारखंड सरकार द्वारा प्रदेश के सभी प्रखंडों में नव- नियुक्त प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों की पोस्टिंग किए जाने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के प्रति आभार व्यक्त किया गया है.
एसोसिएशन ने जिले के सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं.

