आसनसोल: रेल मंडल के अंतर्गत लाहाबन- सिमुलतला स्टेशनों के बीच शनिवार देर रात एक बड़ी रेल घटना सामने आई है. जहां रात करीब 11 बजकर 25 मिनट पर किमी 344/05 के पास एक मालगाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए. इस घटना के कारण जसीडीह- झाझा रेलखंड पर अप और डाउन दोनों लाइनों का रेल परिचालन बाधित हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल, मधुपुर और झाझा से दुर्घटना राहत ट्रेन मौके के लिए रवाना कर दी गई. पूर्व रेलवे द्वारा युद्धस्तर पर बहाली कार्य जारी है ताकि जल्द से जल्द रेल यातायात सामान्य किया जा सके.
पटरी पर अवरोध उत्पन्न होने के कारण 28 दिसंबर 2025 को जसीडीह- झाझा सेक्शन से होकर गुजरने वाली कई लंबी दूरी और लोकल ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट अथवा शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है. हावड़ा- देहरादून कुंभ एक्सप्रेस, सियालदह- बलिया एक्सप्रेस, मोकामा- हावड़ा एक्सप्रेस सहित कई मेमू ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं.
वहीं टाटानगर- बक्सर एक्सप्रेस, हावड़ा- नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, हावड़ा- पटना वंदे भारत, कोलकाता- गोरखपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है. कुछ ट्रेनों को गया, धनबाद और भागलपुर जैसे स्टेशनों पर ठहराव के साथ डायवर्ट किया गया है.
इसके अलावा पटना- जसीडीह एक्सप्रेस और पटना- देवघर मेमू ट्रेन को झाझा स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है.
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि परिचालन बहाली के लिए रेलवे की टीमें मौके पर लगातार कार्य कर रही हैं और यात्रियों से असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया गया है. यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पूर्व ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें.

