आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai शहीद निर्मल महतो की 76वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बंतानगर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम के दौरान शहीद निर्मल महतो के बलिदान और झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को याद किया गया.

इस अवसर पर झामुमो के युवा जिला अध्यक्ष भुगलू सोरेन उर्फ डब्बा सोरेन ने कहा कि गठबंधन सरकार द्वारा पेसा कानून लागू किए जाने पर वे समस्त झारखंडवासियों को शुभकामनाएं देते हैं. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार में पेसा कानून लागू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के मूलवासी और आदिवासी समाज को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा. इससे स्वास्थ्य, विकास और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को मजबूती मिलेगी.
उन्होंने आगे कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार लगातार ग्रामीण, आदिवासी और गरीब वर्ग के हित में कार्य कर रही है. यह सरकार गरीबों की सरकार है और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है.
शहीद निर्मल महतो को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य और विचारधारा के साथ झारखंड अलग राज्य का गठन हुआ था, उसी उद्देश्य को लेकर वर्तमान सरकार कार्य कर रही है. उन्होंने इसे झारखंड के लिए गर्व और खुशी की बात बताया.
कार्यक्रम में दिवाकर झा, महिला जिला अध्यक्ष संगीता प्रधान, राजमंगल ठाकुर, समंदर तिवारी, सुरेश धारी, खिरोद सरदार, झरना मन्ना, मंजू सिंह, मृत्युंजय सरदार, प्रभाकर प्रधान, अभिषेक शर्मा, प्रिंस कुमार, लालबाबू सरदार सहित बड़ी संख्या में झामुमो और कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे.

