साहिबगंज: जिले के बरहरवा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और CIB मालदा की संयुक्त टीम ने ट्रेन संख्या 13415 पटना एक्सप्रेस से बड़ी मात्रा में बीयर बरामद की है. तस्करों ने शराब छिपाने के लिए केले से भरे बोरों का इस्तेमाल किया था. तलाशी के दौरान केले के बीच छिपाकर रखे गए Haywards 5000 Premium Strong Beer के कुल 230 कैन बरामद किए गए.


कार्रवाई के दौरान ट्रेन के द्वितीय अंतिम जनरल कोच संख्या ER-132454 के वेस्टिब्यूल में छह प्लास्टिक बोरे और ‘कश्मीर एप्पल’ अंकित दो कार्टन संदिग्ध अवस्था में मिले. जांच करने पर बोरों में केले के बीच बीयर के कैन छिपे मिले. प्रत्येक कैन की क्षमता 500 मिलीलीटर थी.
मौके पर यात्रियों से सामान के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने उस पर दावा नहीं किया. इसके बाद शराब को बरहरवा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर उतारकर लावारिस सामान के रूप में जब्त कर लिया गया.
RPF के अनुसार बरामद बीयर की कुल मात्रा 115 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 25,300 रुपये है. कार्रवाई में CIB मालदा के उपनिरीक्षक नंदन कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल नुपुर बरन मिद्या तथा RPF पोस्ट बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान और हेड कांस्टेबल पिनाकी सरकार शामिल थे.
मामले की सूचना उत्पाद विभाग साहेबगंज को दे दी गई है. अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की यह खेप किसने ट्रेन में रखी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.

