जमशेदपुर/ Afroz Mallik मां इंद्रावती स्पोर्ट्स एकेडमी जमशेदपुर और गुरु गोविंद सिंह हाई स्कूल टेल्को के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय विंटर स्पोर्ट्स कैंप का समापन रविवार को हुआ. यह कैंप 8 दिसंबर से आयोजित किया गया था, जिसमें कुल नौ विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया गया.

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष सह शहर के जाने-माने समाजसेवी राजकुमार सिंह उपस्थित रहे. वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्याम शर्मा (पूर्व जिला खेल संयोजक) और गुरु गोविंद सिंह हाई स्कूल की प्रिंसिपल पुष्पा पांडे मौजूद रहीं.

मुख्य अतिथि राजकुमार सिंह ने बच्चों के लिए आयोजित विंटर कैंप की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं. उन्होंने खेल अकादमी और विद्यालय प्रबंधन समिति को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं.
इस विंटर कैंप में छात्र- छात्राओं को एथलेटिक्स, बैडमिंटन, पिक्लबॉल, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट और खो- खो सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया गया. कैंप के दौरान प्रतिभागी बच्चों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ खेलों की बारीकियां सीखी और अभ्यास किया.
समापन समारोह के अवसर पर सभी प्रतिभागी बच्चों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के हाथों प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. इस कैंप में कुल 52 बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.
समारोह का संचालन मां इंद्रावती स्पोर्ट्स एकेडमी के सचिव सह विद्यालय के खेल शिक्षक बिरेंदर कुमार मिश्रा ने किया. कैंप को सफल बनाने में विद्यालय की प्रिंसिपल पुष्पा पांडे, श्याम शर्मा, खेल शिक्षक बिरेंदर कुमार मिश्रा, योग प्रशिक्षक निरंजन कुमार और मार्शल आर्ट प्रशिक्षक सुनील प्रसाद का विशेष योगदान रहा.

