सरायकेला: आदित्यपुर- कांड्रा मुख्य मार्ग पर बढ़ते सड़क हादसों को लेकर गुरुवार को जिला प्रशासन सख्त नजर आया. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर विशेष यातायात अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई.

यह अभियान कांड्रा से दुगनी मोड़ तक चलाया गया. रामकृष्ण फोर्जिंग कंपनी के आसपास खड़ी करीब 30 मालवाहक गाड़ियों पर चालान किया गया. यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना वसूला.
ट्रैफिक थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों और कंपनियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर चालकों को जागरूक भी किया जा रहा है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई होगी.

