जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय में कार्यरत एक दैनिक कर्मी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ कुमार के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 17 वर्षों से समग्र शिक्षा अभियान, जामताड़ा कार्यालय में दैनिक कर्मी के तौर पर कार्यरत बताया जा रहा है.

जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई सीआरपी (संकुल साधन सेवी) रासबिहारी झा द्वारा एसीबी को दी गई शिकायत के आधार पर की गई. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी कर्मी द्वारा एक विपत्र (बिल) को पारित कराने के एवज में अवैध रूप से रिश्वत की मांग की जा रही थी. पीड़ित द्वारा इसकी सूचना एसीबी को दिए जाने के बाद ब्यूरो की टीम ने मामले का सत्यापन किया. सत्यापन के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया.
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ दुमका ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. बताया जाता है कि आरोपी सौरभ कुमार मूल रूप से बिहार के जमुई जिले का निवासी है. शिकायत कर्ता रासबिहारी झा ने फोन पर संपर्क किए जाने पर बताया कि आरोपी दैनिक कर्मी द्वारा उनके काम के बदले रिश्वत की मांग की गई थी. पहले आरोपी ने 8 हजार रुपये की मांग की थी, बाद में 6 हजार रुपये में सौदा तय हुआ.
शिकायतकर्ता के अनुसार, रिश्वत की मांग से परेशान होकर उन्होंने एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी दी. शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया. तय योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी कर्मी को 6 हजार रुपये दिए, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया और अपने साथ ले गई.
इस कार्रवाई के बाद समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय में हड़कंप मच गया है. एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. इस मामले को लेकर एसीबी द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है.

