हजारीबाग: जिले के ईचक थाना क्षेत्र में मारपीट और लूट का शिकार हुए पीड़ित संतोष कुमार को थाना स्तर पर न्याय नहीं मिला, जिसके बाद वह सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और लिखित आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई. पीड़ित ने बताया कि 29 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे वह अपनी सहकर्मी के साथ EMI कलेक्शन के लिए कपरदार मोहल्ला पहुंचे थे. इसी दौरान रवी कपरदार, शुभम कपरदार और अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट की.

संतोष कुमार का आरोप है कि हमलावरों ने उनके पास से 15,000 रुपये नकद और लगभग 15 ग्राम सोने की चेन भी छीन ली. घटना के बाद किसी तरह जान बचाकर वे ईचक थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दी, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी न तो FIR दर्ज हुई और न ही किसी तरह की जांच शुरू की गई.
पीड़ित का कहना है कि थाना प्रभारी की लापरवाही के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार उन्हें व उनकी सहकर्मी को धमकी दे रहे हैं. इससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है. थाना से न्याय न मिलने पर 1 दिसंबर को संतोष कुमार हजारीबाग पुलिस अधीक्षक से मिले और पूरे मामले की जानकारी देते हुए निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की. उन्होंने एसपी से आग्रह किया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और स्वयं मामले की निगरानी की जाए.
पीड़ित को उम्मीद है कि एसपी स्तर पर हस्तक्षेप के बाद उन्हें न्याय मिलेगा और आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
