सरायकेला: जिले के कुचाई प्रखंड के सिलायडीह गांव में 13 वर्ष पहले सरना धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने वाले एक आदिवासी परिवार ने सोमवार को विधि- विधान के साथ पुनः अपने मूल सरना धर्म में वापसी की है.

राम मुंडा, उनकी पत्नी मंजू मुंडा और उनके तीन बच्चे जरासन मुंडा, सुनील मुंडा और मेनका मुंडा ने परंपरागत बोंगा- बुरू पूजा पद्धति के तहत शुद्धिकरण कर सरना धर्म को पुनः ग्रहण किया. इस शुद्धिकरण की पूरी प्रक्रिया सरना धर्म गुरू शिवचरण मुंडा, वनमाली मुंडा और डोमन मुंडा के द्वारा संपन्न कराई गई. मंजू मुंडा ने बताया कि उस समय बच्चों की लगातार तबीयत खराब रहती थी और सही जानकारी के अभाव में उन्होंने ईसाई धर्म अपना लिया था.
उन्होंने कहा कि अब उन्हें अपने मूल धर्म और परंपराओं का सही ज्ञान हो गया है, इसलिए पूरे परिवार ने सरना धर्म में लौटने का निर्णय लिया है. जरासन मुंडा ने कहा कि उस समय उन्हें सही मार्गदर्शन देने वाला कोई नहीं था, जिस कारण वे भटक गए थे. अब पढ़- लिखकर समझ आने के बाद उन्होंने अपने मूल धर्म में वापसी करने का निर्णय लिया है. परिवार की बेटी मेनका मुंडा ने आदिवासी समाज से अपील करते हुए कहा कि धर्मांतरण जैसा महत्वपूर्ण निर्णय सोच- समझकर और पूरी जानकारी के आधार पर ही लेना चाहिए.

इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और परिवार के इस फैसले का समर्थन किया. उपस्थित लोगों में संदीप मुंडा, चमर सिंह मुंडा, मंगल सिंह मुंडा मुखिया, रविन्द्र मुंडा, रामचन्द्र सिंह मुंडा, जगन्नाथ सिंह मुंडा, केपी सेट सोय, मेघनाथ सिंह मुंडा, गुरूवा मुंडा, श्रवण सरदार, गणेश राम मुंडा ग्राम मुंडा, भूषण मुंडा, दीना मुंडा, कुशल मुंडा, जिंगी हेम्ब्रम जिला परिषद सदस्य, शम्भू सिंह मुंडा, तुलसी मुंडा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे. ग्रामीणों ने इसे सांस्कृतिक जागरूकता और अपनी आदिवासी पहचान की ओर लौटने का एक सकारात्मक कदम बताया.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
