जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना अंतर्गत देवनगर पीपल स्कूल के पीछे रहने वाले शेखर सांडिल की मंगलवार रात करीब 12:30 बजे अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है.

मृतक की बहन सरस्वती दास ने बताया कि जब वह रात में घर लौटी, तो उसने अपने भाई को घर के बाहर खून से लथपथ और अचेत अवस्था में गिरा हुआ पाया. उसके शरीर से लगातार खून बह रहा था, जिसके बाद पड़ोसियों की मदद से तत्काल सीतारामडेरा थाना पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शेखर को गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और नजदीक से लगी गोली के कारण कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई. चिकित्सकों के अनुसार, उसे बेहद करीब से गोली मारी गई थी, जिससे उसकी जान नहीं बच सकी. शेखर नया कोर्ट के पास एक निजी पार्किंग स्थल पर काम करता था और रोज की तरह रात में घर लौटा था.
परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शेखर का स्थानीय युवक राहुल सिंह और उसके एक साथी से पुराना विवाद चल रहा था, जिसको लेकर कई बार कहासुनी और तनाव की स्थिति बन चुकी थी. परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी रंजिश के कारण इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के कारण अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती है और प्रशासन की ढिलाई अपराधियों के हौसले बढ़ा रही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि देवनगर क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन के स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. सवाल यह भी उठ रहा है कि देर रात ऐसी सुनसान जगह पर अपराधियों का बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देना प्रशासन की नाकामी को दर्शाता है. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की बात कही है.

