
जमशेदपुर: शहर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले में फरार चल रहे डीडी बार के संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह तथा बार के मैनेजर को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है. दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाया जा रहा है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जाएगी. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में हत्याकांड से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं.


जानकारी के अनुसार, डीडी बार में हुए विवाद के बाद हिमांशु सिंह को बार के बाहर लाया गया था. इसके बाद उस पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई. इस मामले में हिमांशु के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बार संचालक नीरज सिंह, बार मैनेजर और अन्य आरोपियों के खिलाफ साजिश समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी.
पुलिस जांच के दौरान अब तक इस हत्याकांड में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. हालांकि, वारदात का मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ़ बोदरा अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
नीरज सिंह की गिरफ्तारी को इस मामले में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है. पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद घटना की पूरी साजिश, हमले की परिस्थितियों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है.
उल्लेखनीय है कि बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार में हुए विवाद के बाद हिमांशु सिंह की हत्या कर दी गई थी. इस घटना के बाद पूरे कोल्हान में व्यापक राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रिया देखने को मिली थी. विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की थी. हिमांशु के पिता द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में डीडी बार संचालक नीरज सिंह का भी नाम शामिल था. इसके बाद से वह फरार चल रहे थे. अब राजस्थान से उनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच नए चरण में पहुंच गई है. पुलिस का दावा है कि फरार मुख्य आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Edited By Sarita





