सरायकेला: जिला के चौका थाना पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए एक चकित करने वाला खुलासा किया है. घटना 06 नवंबर 2025 की है, जब ग्राम मुटुदा में सोयना मुंडा उम्र 57 वर्ष की हत्या कर दी गई थी. सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद मृतक के भाई हागड़ो मुंडा के आवेदन पर अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध चौका थाना कांड संख्या 66/25 दर्ज किया गया था.

अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि मृतक के अपने ही परिजन ने की थी. जांच में यह तथ्य उजागर हुआ कि कांड के वादी हागड़ो मुंडा ने अपने भतीजे पगला मुंडा और मोहन मुंडा के साथ मिलकर डायन- भूत के अंधविश्वास में आकर सोयना मुंडा की हत्या कर दी थी. घटना के बाद तीनों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी.
पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है. वहीं अभियुक्त मोहन मुंडा की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बात लगा लोहे का फरसा भी बरामद कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.

