जामताड़ा: जिले में हाल के दिनों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच अब ‘रेकी गैंग’ की आहट ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. जामताड़ा थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां देर रात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

जानकारी के अनुसार बीते शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे एक युवक सुभाष चौक स्थित जिला परिषद कार्यालय के पीछे बने एक अपार्टमेंट के आसपास संदिग्ध गतिविधियां करते देखा गया. युवक काफी देर तक इलाके की रेकी करता रहा और उसकी हरकतें वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं.
घटना का वीडियो सामने आने के बाद तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो देखने के बाद स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है. लोगों का कहना है कि चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और अब वे वारदात से पहले खुलेआम रेकी करने लगे हैं.

स्थानीय लोगों ने जामताड़ा पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी तेज करने और संदिग्ध युवक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं रविवार को आयोजित शांति समिति की बैठक में भी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया गया.
मामले की जानकारी मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस ने संबंधित अपार्टमेंट पहुंचकर वहां काम कर रहे मजदूरों से पूछताछ की. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है.
सीसीटीवी में कैद यह तस्वीर सिर्फ एक संदिग्ध युवक की नहीं, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था के सामने खड़े बड़े सवाल की भी कहानी बयां कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



