कांड्रा/ Bipin Varshney सरायकेला जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव में बुधवार तड़के एक महिला ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली. सूचना मिलते ही झामुमो नेता कृष्णा बास्के मौके पर पहुंचे और स्थानीय युवकों की मदद से महिला को कुएं से बाहर निकालवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. इधर कांड्रा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है.

मृतका की पहचान रूपा देवी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चांडिल के रुचाप गांव की रहने वाली थी. वह पिछले चार वर्षों से रोशन कुमार सिन्हा नामक युवक के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी. रोशन मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले का निवासी है और निजी सिक्योरिटी एजेंसी में काम करता है. मंगलवार को दोनों पदमपुर के बबलू बास्के के घर में किराये पर रहने के लिए पहुंचे थे.

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात रोशन खाना-पीना कर ड्यूटी पर चला गया था. इधर बुधवार सुबह रूपा देवी अचानक घर से बाहर निकलीं और कुएं की ओर चली गईं. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उन्होंने कुएं में छलांग लगा दी. स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत प्रयास कर उन्हें बाहर निकाल तो लिया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी.
महिला ने आत्महत्या क्यों की, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. वहीं झामुमो नेता कृष्णा बास्के ने पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.

