चांडिल/ Vikash Thakur भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा निकाली गई भगवान बिरसा संदेश यात्रा रविवार को चांडिल पहुंची. यात्रा के आगमन पर ABVP कार्यकर्ताओं और स्थानीय युवाओं ने भगवान बिरसा मुंडा के रथ पर पुष्प अर्पित कर जोरदार स्वागत किया.

यह संदेश यात्रा 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु से प्रारंभ हुई है. यह खूंटी, चक्रधरपुर, चाईबासा, सरायकेला, जमशेदपुर और चांडिल होते हुए उत्तराखंड के देहरादून तक पहुंचेगी. यात्रा का मुख्य उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान, संघर्ष और आदर्शों को देशभर के युवाओं तक पहुंचाना है.

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता पप्पू वर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष और प्रेरणा से भरा है. उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है. उन्होंने कहा कि यह संदेश यात्रा देश के हर कोने में सकारात्मक ऊर्जा फैलाएगी.
अभाविप झारखंड प्रांत के छात्र नेता सनातन गोराई ने युवाओं से आह्वान किया कि बिरसा मुंडा के उलगुलान की भावना आज भी प्रासंगिक है. युवाओं को देशविरोधी गतिविधियों के खिलाफ सजग रहते हुए मजबूत और समृद्ध झारखंड के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी होगी.

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश वर्मा, जनजातीय कार्य प्रमुख डब्लू भगत, प्रभात पोद्दार, बनू सिंह सरदार, सजल कर्मकार, प्रिया महाली, यश वर्मा, सौरव दास, अजय गोराई, कृष दास सहित कई अभाविप कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे.

