कांड्रा/ Bipin Varshney शनिवार देर शाम कांड्रा मेन रोड पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क पर चल रहे ट्रक (CG 04 PJ 8886) के सेल्फ से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी. लपटें उठती देख राहगीरों ने तुरंत ट्रक चालक को चेताया. चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को बीच सड़क पर रोक दिया.

इसी दौरान पास ही स्थित एक होटल संचालक ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए पानी की बाल्टियों से आग बुझाने में मदद की. स्थानीय लोगों की तत्परता से आग फैलने से पहले ही नियंत्रित कर ली गई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि कुछ ही क्षण देर हो जाती, तो पूरा ट्रक आग की चपेट में आ सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था.
अचानक ट्रक रुकने से मेन रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ. सूचना मिलते ही कांड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से ट्रक हटवाकर यातायात को सुचारू कराया.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक की सतर्कता और होटल संचालक की त्वरित मदद की सराहना की.

