जामताड़ा/ Yogesh Kumar संथाल परगना खुदरा व्यवसाय संघ के बैनर तले शनिवार की देर शाम एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष तरुण कुमार गुप्ता ने की. इस अवसर पर जामताड़ा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खुदरा व्यवसायी उपस्थित हुए.

बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की मजबूती, विस्तार और खुदरा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान पर चर्चा करना था. इस दौरान ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन से स्थानीय दुकानदारों को हो रही परेशानी पर विशेष रूप से विचार-विमर्श हुआ. व्यवसायियों ने कहा कि ऑनलाइन बाजार के कारण खुदरा व्यापार पर गहरा असर पड़ा है, जिससे छोटे दुकानदारों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है.
केंद्रीय अध्यक्ष तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि संघ स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है. उन्होंने सभी व्यवसायियों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया, ताकि सरकार और प्रशासन के समक्ष खुदरा व्यापारियों की आवाज़ मजबूती से उठाई जा सके.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संघ नियमित रूप से बैठकें आयोजित करेगा और संगठन के विस्तार के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर इकाइयाँ गठित की जाएँगी.
बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित सभी सदस्यों ने संघ की कार्ययोजना का समर्थन किया और एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया.

