धनबाद: शहर के वासेपुर, पांडरपाला, राहमतगंज और आसपास के इलाकों में मंगलवार की अहले सुबह पुलिस की व्यापक छापेमारी से हड़कंप मच गया. सुबह छह बजे से ही सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस टीमों ने एक साथ कार्रवाई शुरू की.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह अभियान कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह के सदस्यों की तलाश में चलाया जा रहा है. बताया जा रहा है कि गिरोह के गुर्गे जिले में रंगदारी वसूली, धमकी और गोलीबारी जैसी आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं. एसएसपी के निर्देश पर चल रही इस सर्च ऑपरेशन का उद्देश्य व्यापारियों, ठेकेदारों और व्यवसायिक वर्ग को प्रिंस खान के आतंक से राहत दिलाना है.
ज्ञात हो कि बीते तीन से चार वर्षों में प्रिंस खान ने धनबाद में संगठित अपराध का जाल फैला रखा है. उसके इशारे पर वासेपुर, आरा मोड़, पांडरपाला और अन्य क्षेत्रों के कई आपराधिक प्रवृत्ति के युवक रंगदारी वसूली और हिंसक वारदातों को अंजाम देते रहे हैं.

उल्लेखनीय है कि हाल ही में धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान से जुड़े जमशेदपुर के गैंगस्टर भानु मांझी को तेतुलमारी में एनकाउंटर के दौरान पकड़ा था. फिलहाल भानु मांझी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है.
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का दायरा और बढ़ाया जाएगा ताकि प्रिंस खान गिरोह की जड़ों को पूरी तरह से समाप्त किया जा सके.

