सरायकेला: नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष सह समाजसेवी मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि जिला मुख्यालय से सटे गांवों में आज भी शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पाना जल जीवन मिशन का मखौल उड़ाने के समान है. शुक्रवार को सरायकेला नगर से सटे नुआगांव के ग्रामीण शुद्ध पेयजल की मांग को लेकर मनोज चौधरी से मिले. ग्रामीणों की व्यथा सुनने के बाद उन्होंने जिला मुख्यालय से लगे इस गांव में अब तक स्वच्छ पेयजल आपूर्ति नहीं होने पर आश्चर्य व्यक्त किया.

उन्होंने तत्काल पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, सरायकेला- खरसावां के कार्यपालक अभियंता से वार्ता की और विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई. मनोज चौधरी ने अभियंता को निर्देश दिया कि नुआगांव में स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाए जाएं ताकि जल्द से जल्द ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके.
उन्होंने कहा कि नुआगांव के ग्रामवासी मुझ पर विश्वास जताते हुए सहायता के लिए आए हैं. यह विषय पूरी तरह से जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी थी कि वे इन मूलभूत समस्याओं को गंभीरता से लें. जल जीवन मिशन एक महत्वाकांक्षी योजना है जिसका उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाना है, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट बना हुआ है.
मनोज चौधरी ने कहा कि दूषित जल के कारण ग्रामीण इलाकों में संक्रमण और बीमारियां फैलती रहती हैं. पिछले दिनों खरसावां प्रखंड में डायरिया फैलने और पिछले वर्ष नीमडीह में हुई बीमारी की घटनाओं से स्थिति भयावह हो गई थी. इसके बावजूद विभागीय सुधार नहीं दिख रहा है. उन्होंने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि उनका कर्तव्य के प्रति उदासीन रवैया अक्षम्य है.
समाजसेवी ने कहा कि लोग हमसे आशा की नजर से देखते हैं, और मैंने ग्रामवासियों को भरोसा दिलाया है कि नुआगांव में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
