चांडिल/ Vikash Thakur झारखंड आंदोलन के इतिहास में तिरुलडीह गोलीकांड सदैव संघर्ष और बलिदान का प्रतीक रहा है. इसी शहादत की स्मृति में आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने शहीद धनंजय महतो के परिवार के प्रति अपना वादा निभाते हुए चार कमरों वाला पक्का मकान बनवाकर उन्हें सौंपा. हरेलाल महतो की इस पहल ने एक बार फिर साबित किया कि शहादत का सम्मान करने के लिए “दिल बड़ा होना चाहिए, कुर्सी नहीं.”

हरेलाल महतो ने तिरुलडीह शहीद स्थल और विभिन्न शहीद चौक पर पहुंचकर शहीद अजीत महतो एवं धनंजय महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि 21 अक्टूबर 1982 को हुए तिरुलडीह गोलीकांड में इन वीर सपूतों ने झारखंड की अस्मिता के लिए जो बलिदान दिया, वह कभी भुलाया नहीं जा सकता.
उन्होंने बताया कि उन्होंने शहीद धनंजय महतो के परिवार से जो वादा किया था, उसे पूरा कर दिया है. शहीद के पुत्र उपेन महतो को अपने संस्थान में रोजगार दिया गया है, वहीं शहीद के पोता-पोती की शिक्षा का संपूर्ण खर्च वे स्वयं वहन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है.

सरकारों पर निशाना साधते हुए हरेलाल महतो ने कहा कि “जब शिबू सोरेन मुख्यमंत्री थे, तब शहीद धनंजय महतो के पुत्र उपेन महतो को सरकारी नौकरी देने की घोषणा हुई थी, लेकिन आज तक वह वादा अधूरा है. सरकारें बदलती रहीं, पर शहीद परिवारों के जख्म अब भी हरे हैं.”
इस अवसर पर शहीद परिवार के सदस्य — शहीद धनंजय महतो के पुत्र और बहू — मौजूद थे. कार्यक्रम में आजसु कुकड़ू प्रखंड के सभी पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए. पूरे आयोजन के दौरान भावनात्मक माहौल रहा और लोगों ने हरेलाल महतो की इस पहल की सराहना की.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
