आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ऑटो प्रोफाइल लिमिटेड यूनिट-3 में शुक्रवार को उस समय स्थिति सामान्य हुई, जब प्रबंधन ने मृतक श्रमिक शांतनु बेहरा के परिजनों को 7 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान किया. मुआवजा मिलने के बाद परिजन शांतनु बेहरा के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए और कंपनी गेट पर जारी धरना- प्रदर्शन समाप्त कर दिया.

मालूम हो कि बीते मंगलवार को नाइट शिफ्ट की ड्यूटी खत्म कर घर लौटने के दौरान शांतनु बेहरा सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज पर ढाई लाख रुपये से अधिक खर्च होने के बावजूद उनकी मौत हो गई थी.

शुक्रवार सुबह परिजन शव लेकर कंपनी गेट पहुंचे और प्रबंधन पर असंवेदनशीलता का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए. लगभग चार घंटे की वार्ता के बाद कंपनी प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच सहमति बनी, जिसके तहत परिजनों को 7 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया. साथ ही अन्य मांगो को लेकर नियमसम्मत विचार करने का आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने शांतनु बेहरा के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए और माहौल शांत हो गया. मालूम हो कि शांतनु बेहरा मूल रूप से उड़ीसा के रहने वाले थे. यहां जुलमटांड में किराए के मकान में परिवार सहित रह रहे थे.

