हजारीबाग: नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए भाकपा (माओवादी) के पूर्व जोनल कमांडर सुनिल गंझू को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी बड़कागांव थाना क्षेत्र के जोराकाट गांव से छापेमारी के दौरान की गई.

एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि माओवादी रिजनल कमांडर शहदेव महतो और सब-जोनल कमांडर नताशा अपने चार- पांच सदस्यों के साथ क्षेत्र में लेवी वसूली की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी की. पुलिस टीम के पहुंचते ही कुछ नक्सली जंगल की ओर फरार हो गए, जबकि सुनिल गंझू को मौके पर ही पकड़ लिया गया.
पुलिस ने उसके पास से माओवादी लेटर पैड, झोला और गमछा बरामद किया है. पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह कोल कंपनियों, ठेकेदारों और व्यापारियों से लेवी वसूली में सक्रिय रूप से शामिल था. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सुनिल गंझू पर हत्या, विस्फोटक अधिनियम और आपराधिक साजिश समेत कुल 54 आपराधिक मामले दर्ज हैं.
हजारीबाग एसपी ने इसे माओवादी संगठन की गतिविधियों पर एक बड़ी चोट बताया है. फरार नक्सलियों की तलाश में पुलिस का अभियान जारी है.

