धनबाद: पुलिस ने अपराध जगत में हलचल मचाते हुए कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के 12 सक्रिय सदस्यों को उसके दाहिने हाथ सैफी उर्फ मेजर के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस कार्रवाई में गिरोह के पास से कई हथियार, विस्फोटक और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है. बताया गया कि यह गिरोह लंबे समय से धनबाद और आसपास के इलाकों में लेवी वसूली और फायरिंग की घटनाओं में सक्रिय था.

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 12 और 13 अक्टूबर की शाम को गुप्त सूचना के आधार पर एक विशेष अभियान चलाया गया. इसी दौरान पुलिस ने गिरोह के 12 सदस्यों को हथियारों के साथ धर दबोचा. सभी आरोपी धनबाद के विभिन्न इलाकों में सक्रिय थे और गिरफ्तारी के समय किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे.
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने 9 सितंबर को राजगंज पेट्रोल पंप पर हुई गोलीबारी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों से कई देसी पिस्तौल, कारतूस, बम बनाने की सामग्री और गिरोह की गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं.
उन्होंने कहा कि गिरोह का नेटवर्क सिर्फ धनबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका वित्तीय और आपराधिक संबंध झारखंड और बिहार के कई जिलों से जुड़ा है. पुलिस फिलहाल गिरोह के फाइनेंस नेटवर्क, सप्लायरों और शूटरों की गतिविधियों की जांच कर रही है.
एसएसपी ने साफ किया कि यह कार्रवाई तभी खत्म होगी जब तक गिरोह के हर सदस्य और उनके समर्थन तंत्र का पूरी तरह पर्दाफाश नहीं हो जाता. उन्होंने कहा कि शहर के व्यापारी और आम लोग निश्चिंत रहें — धनबाद पुलिस अपराध पर पूरी तरह नकेल कसने के लिए प्रतिबद्ध है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
